Movie prime

तीन लाख का इनामी कुख्यात नक्सली ने किया सरेंडर, भारी मात्रा में हथियार–गोली के साथ STF के सामने डाला हथियार

 
तीन लाख का इनामी कुख्यात नक्सली ने किया सरेंडर, भारी मात्रा में हथियार–गोली के साथ STF के सामने डाला हथियार

Bihar news: बिहार में नक्सल विरोधी अभियान के बीच एक बड़ी सफलता सामने आई है। बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) के दबाव और लगातार कार्रवाई के बीच तीन लाख रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली सुरेश कोड़ा उर्फ मुस्तकीम ने आत्मसमर्पण कर दिया। उसने अवैध हथियार और बड़ी संख्या में गोलियों के साथ अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया।

News

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह आत्मसमर्पण मुंगेर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक और STF अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। बताया गया कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय था और कई जिलों में दर्जनों गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।

25 साल से फरार, 60 से अधिक मामलों में नाम

सुरेश कोड़ा पिछले करीब 25 वर्षों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मुंगेर, लखीसराय और जमुई जिलों के अलग-अलग थानों में हत्या, हमला, अपहरण, विस्फोट, आगजनी और सुरक्षा बलों पर हमले जैसे लगभग 60 नक्सल कांड दर्ज हैं। कई बड़ी वारदातों में उसकी संलिप्तता बताई गई है।

पहले भी कई नक्सली कर चुके हैं सरेंडर

अधिकारियों ने बताया कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियान और पुनर्वास नीति के कारण हाल के वर्षों में कई सक्रिय नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। इसी कड़ी में यह आत्मसमर्पण भी एक अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इससे इलाके में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा।

हथियार और कारतूस बरामद

सरेंडर के दौरान नक्सली के पास से इंसास और अन्य राइफलें, मैगजीन और सैकड़ों कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों और गोला-बारूद की सूची बनाकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सरकार की पुनर्वास योजना का मिलेगा लाभ

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली को राज्य सरकार की सरेंडर–cum–रिहैबिलिटेशन योजना के तहत घोषित इनाम राशि, प्रोत्साहन राशि और प्रशिक्षण भत्ता जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही उसे मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुनर्वास प्रक्रिया भी चलाई जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान आगे भी जारी रहेगा और शेष वांछित उग्रवादियों पर दबाव और बढ़ाया जाएगा।