Newshaat_Logo

गांव में गए थे दुख बांटने, पर खुद दर्द लेकर लौटे मंत्री-विधायक, ग्रामीणों ने कहा- मुआवजा नहीं तो मेहमाननवाजी लाठी से होगी

 
गांव में गए थे दुख बांटने, पर खुद दर्द लेकर लौटे मंत्री-विधायक, ग्रामीणों ने कहा- मुआवजा नहीं तो मेहमाननवाजी लाठी से होगी

Nalanda: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया।

गौरतलब है कि तीन दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई थी। इसी सिलसिले में मंत्री और विधायक पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और वापस लौटने लगे।

नाराज ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेताओं ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना और जल्दबाजी में गांव से निकलने लगे। ग्रामीणों ने मांग की थी कि प्रतिनिधि कुछ देर और उनके बीच रुकें। मंत्री की ओर से कार्यक्रम व्यस्तता का हवाला दिए जाने पर भीड़ भड़क गई।

ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे वाले दिन विधायक के कहने पर ही उन्होंने जाम हटाया था, लेकिन अब तक पीड़ित परिवारों को मुआवजा नहीं मिला। इसी नाराजगी के बीच भीड़ ने पहले मौजूद पत्रकारों को घेरा और उसके बाद लाठी-डंडे लेकर मंत्री और विधायक की गाड़ी की ओर बढ़ गई।

गांव में भारी पुलिस तैनाती

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा पुलिस बल गांव पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल गांव में माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और एहतियातन बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती कर दी गई है।