Movie prime

होली से पहले सूना घर बना निशाना: रिटायर दरोगा के मकान से जेवरात व ₹2 लाख नकद उड़ा ले गए चोर

 
होली से पहले सूना घर बना निशाना: रिटायर दरोगा के मकान से जेवरात व ₹2 लाख नकद उड़ा ले गए चोर
Darbhanga News: होली के पहले सूने घरों पर नजर गड़ाए चोरों ने लहेरियासराय के न्यू खाजा सराय कॉलोनी में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बिरौल थाना से सेवानिवृत्त दरोगा देवेंद्र लाल दास के बंद मकान का ताला तोड़कर बदमाश लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

शादी में गए थे परिवार, लौटे तो टूटा मिला ताला

जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को देवेंद्र लाल दास अपने परिवार के साथ लहेरियासराय स्थित बंगाली टोला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर अलमारी भी क्षतिग्रस्त पाई गई और सामान बिखरा हुआ था।

जेवरात और नकदी पर हाथ साफ

पीड़ित के मुताबिक, अलमारी में रखी सोने की एक चेन, दो कान के टॉप्स, एक टूटा झुमका, छह नथिया, चांदी की पांच जोड़ी पायल और करीब दो लाख रुपये नकद गायब हैं। बताया गया कि घर में कुछ काम कराने के लिए बैंक से फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाकर नकद राशि रखी गई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए।

त्योहार के मौसम में बढ़ी सतर्कता की जरूरत

घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। त्योहार के दौरान जब लोग घरों से बाहर रहते हैं, ऐसे समय में चोरी की घटनाएं बढ़ने का खतरा रहता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।