वंदे भारत एक्सप्रेस से कटकर तीन की मौत, दो गंभीर; दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे सभी
Purnia: बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। जोगबनी–कटिहार रेलखंड पर कसबा जबनपुर स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दशहरा मेला से लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग पास के इलाके में लगे दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे। तभी अचानक दानापुर-आररिया-जोगबनी रूट पर आ रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मौके पर अफरातफरी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। आसपास के लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इलाके में दहशत
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। लोगों का कहना है कि दशहरा के उल्लास के बीच अचानक हुई इस घटना ने त्योहार की खुशी को गम में बदल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पूर्णिया से रोहित कुमार की रिपोर्ट।







