कटिहार में अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी चोट, सेमापुर पुलिस ने तीन बदमाशों को हथियारों के साथ दबोचा
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि सेमापुर थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियार की तस्करी में शामिल हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने पावर ग्रिड के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान उमेश कुमार उर्फ भोलू (21 वर्ष), मो. इरसाद (19 वर्ष) और मंजय कुमार उर्फ प्रकाश कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह गिरोह किन लोगों से जुड़ा हुआ है और हथियार कहां से लाकर कहां सप्लाई करता था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसी कड़ी में कटिहार के हसनगंज थाना क्षेत्र से भी एक अभियुक्त अमरदीप कुमार को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। वहीं कदवा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त को हथियार के साथ पकड़ा है।
कटिहार पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार के कारोबार पर लगातार सख्ती की जा रही है और आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।







