Newshaat_Logo

सड़क हादसे में मधेपुरा के तीन थानाध्यक्षों समेत चालक की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

 
सड़क हादसे में मधेपुरा के तीन थानाध्यक्षों समेत चालक की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर
Begusarai: बिहार पुलिस के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। मधेपुरा जिले में विभिन्न थानों में पदस्थापित तीन पुलिस पदाधिकारियों और एक चालक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, अरार थाना के थानाध्यक्ष अमरेन्द्र ज्ञानेंद्र, रतवारा थाना के थानाध्यक्ष साजन कुमार और बेलारी थाना के थानाध्यक्ष नीरज कुमार पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल क्षेत्र के पास उनकी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि तीनों पुलिस अधिकारियों के साथ वाहन चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

तीनों अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठ और कर्मठ पुलिस पदाधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन से न केवल मधेपुरा पुलिस बल्कि पूरे बिहार पुलिस महकमे को गहरा आघात पहुंचा है।

इस दुखद घटना पर पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।