रक्सौल बॉर्डर पर अवैध घुसपैठ की कोशिश नाकाम, स्विट्जरलैंड की महिला समेत दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मैत्री पुल के समीप कस्टम्स चौक पर चल रही जांच के दौरान दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ में वे भारत में प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
गिरफ्तार लोगों की पहचान स्विट्जरलैंड निवासी जुनीला ब्रेक श्रेष्ठा और म्यांमार के नागरिक आंग निंग लैट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नेपाल के रास्ते रक्सौल सीमा पार कर भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां दोनों विदेशी नागरिकों से गहन पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि उनके भारत आने के उद्देश्य और संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
सीमा पर बढ़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी







