Movie prime

Vaishali crime news: वैशाली में फैक्ट्री के भीतर मजदूर की दर्दनाक मौत, गेट न खुलने का आरोप, मजदूरों का हंगामा

 
Vaishali news

Vaishali News: वैशाली जिले के हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित सोना बिस्कुट फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के दादर गांव निवासी 35 वर्षीय चंदन पाठक के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 9 वर्षों से इसी फैक्ट्री में काम कर रहा था।

मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों का आरोप है कि चंदन की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और वह करीब एक घंटे तक फैक्ट्री के अंदर तड़पता रहा। मजदूरों ने गार्ड से गेट खोलने की गुहार लगाई, लेकिन गार्ड ने यह कहते हुए गेट खोलने से इनकार कर दिया कि आधी रात में गेट खोलने का आदेश मालिक से नहीं मिला है। इसी दौरान चंदन की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए मजदूरों ने फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ की और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि करीब 500 मजदूर फैक्ट्री के बाहर जमा होकर हंगामा कर रहे थे।

सूचना पर हाजीपुर औद्योगिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। हालांकि, घटना के बाद फैक्ट्री के सभी गार्ड मौके से फरार हो गए। मृतक के परिजन खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके थे।

मजदूरों का कहना है कि फैक्ट्री में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और बीड़ी पर सख्त प्रतिबंध है और पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद फैक्ट्री में किसी तरह की प्राथमिक चिकित्सा या दवाओं की कोई व्यवस्था नहीं है। तबीयत खराब होने पर मजदूरों को बाहर जाकर इलाज कराना पड़ता है।

मृतक के ठेकेदार नवल किशोर मिश्रा, जो बेगूसराय के रहने वाले बताए जा रहे हैं, घटना के बाद से फरार हैं। मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन और मालिक भी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।

फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर निहाल सिंह ने आरोप लगाया कि मजदूरों से तय 8 घंटे के बजाय लगातार कई दिनों तक काम कराया जाता है। काम छोड़ने पर वेतन काटने की भी धमकी दी जाती है। उन्होंने मृतक के परिवार को फैक्ट्री की ओर से कम से कम 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन से जवाब देने की तैयारी कर रही है।

रिपोटर: अभिषेक कुमार, वैशाली