7 घंटे की जंग के बाद मिली जीत: 30 फीट गहरे बोरवेल से सुरक्षित निकला 3 साल का पीयूष, पूरे गांव ने ली राहत की सांस
Gaya News: बिहार के गया जिले से राहत भरी खबर सामने आई है। फतेहपुर प्रखंड के रंगून नगर में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय पीयूष कुमार को करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मासूम के सकुशल बाहर आते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, जबकि पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:28 बजे पीयूष खेलते-खेलते नल-जल योजना के लिए खोदे गए खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
कई घंटों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान में रेस्क्यू टीम ने तकनीकी उपकरणों और सूझबूझ का इस्तेमाल करते हुए बच्चे तक पहुंच बनाई। लगातार प्रयासों के बाद पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके तुरंत बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई।
पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनील कुमार पांडेय, अंचलाधिकारी अमित सिंह, बीडीओ शशि भूषण साहू समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे।
इस सफल रेस्क्यू के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की तत्परता की जमकर सराहना हो रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर खुले पड़े बोरवेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले और अनुपयोगी बोरवेलों को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पीयूष की सुरक्षित वापसी ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया और पूरे इलाके को राहत और खुशी का अवसर दे दिया।







