Newshaat_Logo

भोजपुर में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद बवाल; सरपंच पति और दोस्त को मारी गोली

 
Crime

Aara News: बिहार के भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी गांव में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद उपजा विवाद सोमवार की सुबह हिंसक हो गया। हथियारबंद लोगों ने सरपंच पति और उनके एक दोस्त को गोली मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।इनमें नगरी गांव निवासी 45 वर्षीय सरपंच दुर्गावती देवी के पति मनोज शर्मा और उनके दोस्‍त गोरख पासवान शामिल हैं। दोनों का इलाज सदर अस्पताल, आरा में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीरो एसडीपीओ के.के. सिंह, इंस्पेक्टर राजीव रंजन और थानाध्यक्ष संतोष कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

सभी अधिकारी एहतियातन गांव में कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरे विवाद की जड़ रविवार रात हुई सड़क दुर्घटना है। जानकारी के अनुसार, मलौर गांव के एक बाइक सवार ने रात करीब आठ बजे सरपंच पति की चाची दिलमुनिया देवी (55 वर्ष) को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे मौत हो गई। हादसे के बाद सरपंच पक्ष के लोगों ने दुर्घटना में शामिल बाइक को अपने कब्जे में ले लिया था।

सोमवार सुबह जब स्वजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी मलौर गांव से कुछ लोग बाइक वापस लेने पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके साथ कुछ बाहरी असामाजिक तत्व भी थे। जख्मी के चचेरे भाई रंजन शर्मा के अनुसार, बाइक को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मनोज शर्मा और गोरख पासवान मौके पर ही गिर पड़े। 

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीरो डीएसपी के.के. सिंह के नेतृत्व में पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।