मुंबई में मामूली विवाद बना हिंसा का कारण: यूसुफ पठान के ससुर-साले गिरफ्तार, लाठी-बैट से हमला
पानी के छींटे से भड़का विवाद
घटना भायखला इलाके की है, जहां रात करीब 9 बजे यूसुफ खान नामक व्यक्ति की कार से गड्ढे का पानी उछलकर शोएब खान पर गिर गया। यूसुफ खान ने तुरंत माफी मांगी, लेकिन बात बढ़ गई और गुस्से में शोएब ने बांस से कार का शीशा तोड़ दिया।
शिकायत करने निकले, रास्ते में फिर घेरकर हमला
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जब पीड़ित शिकायत दर्ज कराने जा रहा था, तभी रास्ते में उसे दोबारा रोक लिया गया। इस बार आरोप है कि खालिद खान, उमरशाद और अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और फिर से विवाद शुरू हो गया।
लाठी और बेसबॉल बैट से बेरहमी से पिटाई
देखते ही देखते बहस हिंसा में बदल गई। आरोपियों ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हुए सलमान का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि जाकी अहमद को भी गंभीर चोटें आईं।
तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं चौथा आरोपी शहबाज पठान अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एक मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और सामाजिक संयम पर सवाल खड़े करता है।







