पत्नी मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर भावुक दिखे नीतीश कुमार, बेटे निशांत के साथ दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। श्रद्धांजलि सभा में कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। लोगों ने दिवंगत मंजू सिन्हा के सादगीपूर्ण जीवन और उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार के साथ नालंदा जिले के पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे। वहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने गांव के तालाब में मछलियों को दाना भी खिलाया।
कल्याण बीघा में पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी उन्हें सौंपे। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने मौके पर ही अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सांसद कौशलेंद्र कुमार, मंत्री श्रवण कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंजू सिन्हा का विवाह नीतीश कुमार से वर्ष 1973 में हुआ था। वह पेशे से शिक्षिका थीं और हमेशा सादगी भरा जीवन जीने के लिए जानी जाती थीं। राजनीतिक संघर्ष के दौर में उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। लंबी बीमारी के बाद वर्ष 2007 में उनका निधन हो गया था। बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार और मंजू सिन्हा की जोड़ी को आज भी सादगी और पारिवारिक मूल्यों के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।







