Movie prime

झारखंड की 40 हजार सहिया को मिला 22-22 हजार रुपये, स्वास्थ्य मंत्री की पत्नी ने दिया चेक

Ranchi: इस कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 48 सहिया, 24 सहिया साथी, पांच महिला चिकित्सकों और 72 सीएचओ व महिला स्वास्थ्य कर्मियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
 
JHARKHAND

Ranchi: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची के नामकुम स्थित लोक स्वास्थ संस्थान(IPH) के प्रेक्षागृह में सहिया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की लगभग 40 हजार स्वास्थ्य सहियाओं को बड़ा तोहफा इस सम्मान समारोह में दिया जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी की पत्नी इरफाना इरफान ने स्वास्थ्य सहियाओं को 22 हजार रुपये की एकमुश्त राशि का सांकेतिक चेक प्रदान कर सम्मानित किया. ज्ञात हो कि झारखंड सरकार की योजना मद से 'झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी' के तहत सभी स्वास्थ्य सहियाओं को 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रावधान की गई. इस वित्तीय वर्ष 2025-26 के 11 महीने की एकमुश्त राशि 22 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर की गई है.

विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की धर्मपत्नी डॉ. अनिता सिन्हा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा की धर्मपत्नी मीनाक्षी झा उपस्थित थीं. कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 48 सहियाओं, 24 सहिया साथी, पांच महिला चिकित्सक और 72 सीएचओ व महिला स्वास्थ्य कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में बेहतर योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में दो वैसी स्वास्थ्य सहियाओं को भी सम्मानित किया गया जो अब मुखिया के पद पर निर्वाचित हुई हैं.

महिला सम्मान समारोह में इरफाना इरफान ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और स्वावलंबन का पूरा ख्याल रखती है. झारखंड के मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना इसी बात का पुख्ता प्रमाण है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन हम सभी की प्रेरणा स्रोत हैं. महिला स्वास्थ्य कर्मियों यथा स्वास्थ्य सहिया, एएनएम, सीएचओ और महिला चिकित्सकों के अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें नमन करते हुए उन्होंने सशक्त और एकजुट होने का अहवान किया.

डॉ. अनीता सिन्हा ने कहा कि हमारी संस्कृति में महिलाओं को शक्ति का प्रतीक माना जाता है. मीनाक्षी झा ने कहा कि एक महिला के आगे बढ़ने से पूरा समाज आगे बढ़ता है, उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने इरादे बुलंद कर लें तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है. जीवीआई की उपाधीक्षक डॉ. जेशीना ने कहा कि महिलाएं अपने उपर गर्व करें.

एनएचएम झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने महिला दिवस सम्मान समारोह में कहा कि जहां नारियों की पूजा होती है वहां देवताओं का वास होता है. कार्यक्रम में एनएचएम के प्रशिक्षण कोषांग की राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, अकय मिंज, डॉ. भारती कश्यप, अनिमा किस्कु, रफत फरजाना, गुंजन खलखो, रजनी, सज्ञा सिंह, सुचंद्रा पंडा, ललित टोप्पो, जोसली जॉन, नीलम झा, नीलम कुमार, शांतना सहित काफी संख्या में स्वास्थ्य सहियाएं और महिला स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थीं.