रामगढ़ हादसे ने दहला दिया झारखंड, ट्रक की टक्कर से 7 लोगों की मौत
Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री वाहन में ही फंस गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.

जानकारी के अनुसार, सवारी गाड़ी में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे. वे किसी शादी-विवाह कार्यक्रम में बाजा बजाने के लिए गोला की ओर से रामगढ़ जा रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ की तरफ से आ रहे कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. ये टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई.
इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों और मृतकों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. जहां मृतकों में मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग-बलसगरा स्थित कठरेवा गांव तथा रजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमर्चा गांव के निवासी शामिल लोग हैं.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
इस भीषण सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लारी बुध बाजार के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को करीब 30 मिनच तक जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटा लिया.
3 दिन में 12 से अधिक लोगों की मौत
वहीं, यहां के स्थानीय लोगों का कहना है कि लारी बुध बाजार और बरलोंग के बीच सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यहां बीते 3 दिनों के भीतर इसी इलाके में विभिन्न दुर्घटनाओं में 12 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. ऐसे में लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की मांग की है.







