अजब प्रेम की झूठी कहानी..कई कहानियां खौफनाक, तो कई अजीबो गरीब, जिसे नहीं लाया जा सकता समाज के सामने...
Palamu: प्रेम संबंधों से जुड़े हुए मामले पुलिस एवं समाज के लिए चुनौती बनते जा रहे है. प्रेम संबंधों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की कई कहानी है, लेकिन पुलिस के पास कुछ ऐसे भी मामले पहुंच रहे हैं जो काफी चौंकाने वाले हैं. प्यार की चाहत में झूठी कहानी बनाई जा रही है.
झारखंड के पलामू के विभिन्न थानों में पहुंचने वाले 10 में से दो से तीन मामले प्रेम संबंध से जुड़े हुए है. प्रेमी या प्रेमिका पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंच रहे है. कई शिकायतों के जांच में चौंकाने वाली जानकारी निकल कर सामने आ रही है जो पुलिस के लिए मुश्किल हो जाती है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्र दोनों क्षेत्रों से शिकायत पहुंच रही है.
केस स्टडी 01
पलामू के पांकी थाना इलाके में जनवरी के महीने में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के प्रेम संबंधों की शिकायत पुलिस से की. बेटी के नाम पर महिला ने आवेदन दिया था. मामले में जांच शुरू हुई पता चला कि महिला का प्रेम संबंध एक युवक से था. महिला खुद शादी नहीं कर सकती इसलिए बेटी के नाम पर शिकायत की थी. महिला की इच्छा थी कि वह बेटी की शादी प्रेमी से करवा दे और प्रेमी के साथ वह खुद रहे.
केस स्टडी 02
पलामू पुलिस के लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में समक्ष एक लड़की ने अपनी बहन के करीबी रिश्तेदार पर यौन शोषण का आरोप लगाया था. बाद में बहन के रिश्तेदार से शादी के लिए लड़की ने अपने अपहरण की कहानी बना ली थी. पुलिस ने लड़की को बरामद किया जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है.
पुलिस पूरे मामले में आगे की अनुसंधान भी कर रही है, जबकि यौन शोषण का आरोप लगने के बाद आरोपी लड़के सरेंडर भी कर दिया था. अपहरण का मामला यह मामला जनवरी के अंतिम सप्ताह में पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन यौन शोषण के मामले में डेढ़ वर्ष पहले एफआईआर दर्ज हुआ था.
केस स्टडी 03
जनवरी के पहले सप्ताह में पलामू पुलिस की समक्ष एक गर्भवती लड़की पहुंची थी और अधिकारियों से कहा था कि ससुराल वाले पति से मिलने नहीं दे रहे हैं. लड़की की शिकायत के बाद पुलिस जब मामले की जांच करने पहुंची, तो देखा कि लड़की ने जिस लड़के को अपना पति बताया है वह 17 वर्ष का है.
जबकि लड़की की उम्र अधिक है. नाबालिक लड़का और लड़की के बीच प्रेम संबंध था. पुलिस ने पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू किया है. यह मामला मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र का है.
उपर दिए गए तीनों मामलों की पुष्टि एसपी रिष्मा रमेशन ने की है. वे कहती हैं कि बहुत तरह की शिकायतें पहुंचती हैं. नाबालिग से लेकर 18 वर्ष से उम्र के अधिक तक के अलावा पति-पत्नी से जुड़े हुए भी रहती है.
बहुत सारी शिकायतें महिला थाना या सामान्य थाना में सुनी जाती हैं. ऐसे मामले जिसमें कानूनी कार्रवाई की जरूरी है उसे तरह के मामले में कानूनी कार्रवाई की जाती है, जिस मामले में काउंसलिंग की जरूरत है उसमें काउंसलिंग भी की जाती है.
काउंसिलिंग से संबंधित मामलों में दोनों पक्षों को नोटिस जारी की जाती है और इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहते हैं. इस दौरान उनके समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जाती है. जबकि कानूनी कार्रवाई से संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाती है. - रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू
प्यार की चाह में प्रेमी जोड़े कई कहानी भी बनाते हैं और फरार हो जाते है. पलामू पुलिस के अनुसार 2024 के बाद से पुलिस ने राज्य एवं राज्य से बाहर 400 के करीब प्रेमी जोड़ों को रिकवर किया है. पलामू के मेदिनीनगर चैनपुर छतरपुर हरिहरगंज हुसैनाबाद पांकी लेस्लीगंज सदर थाना क्षेत्र बड़ी संख्या में प्रेमी जोड़े फरार होते हैं.
पलामू पुलिस की कई टीम प्रेमी जोड़ों की तलाश में राज्य से बाहर जाती है. कई प्रेम कहानियों में लड़का और लड़की करीबी रिश्तेदार होते हैं और जबकि कई मामलों में सोशल मीडिया की भूमिका है.
लोग कानून को समझ नही पाते है. कई कहानियां खौफनाक है, जिसे समाज के समक्ष नही लाया जा सकता है अजीबो गरीब है. कानून कार्रवाई करती है लेकिन समाज को समझने की जरूरत है.कई विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन कई घटनाओं में आपराधिक स्वरूप सामने आया है. - इंदु भगत, महिला कानून के मामलों को जानकर







