Newshaat_Logo

रांची में बढ़ते ट्रैफिक जाम को लेकर प्रशासन का बड़ा एक्शन, ट्रैफिक जाम पर सख्ती, अतिक्रमण हटेगा, लेफ्ट टर्न जाम-फ्री, जानिए क्या बदलेगा और आम लोगों को कितनी मिलेगी राहत

Ranchi: प्रशासन का कहना है कि इस प्लान से न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि आम लोगों को भी राहत मिलेगी. आने वाले दिनों में ट्रैफिक सिग्नल, रोड मार्किंग और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम को भी और मजबूत किया जाएगा.
 
RANCHI TRAFFIC

Ranchi: शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए रांची प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है. प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ लेफ्ट टर्न को पूरी तरह जाम-फ्री बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने मिलकर लॉन्ग-टर्म ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है.

योजना के तहत मुख्य सड़कों पर किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा. वहीं, हर बड़े चौराहे पर लेफ्ट टर्न के लिए अलग लेन तय की जाएगी ताकि सिग्नल पर रुकने की समस्या खत्म हो सके. ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई भी की जाएगी. इसी कड़ी में रांची नगर निगम नगर ने आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की, जिसमें शहर के ट्रैफिक सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए लॉंग टर्म प्लान पर विशेष जोर दिया गया.

इस बैठक में ट्रैफिक पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों ने मिलकर शहर की मौजूदा समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और ठोस समाधान निकालने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए. बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि रांची को ट्रैफिक जाम से मुक्त कराना और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

इसके लिए एक लंबे समय का और असरदार एक्शन प्लान तैयार करना बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि अर्बन ट्रैफिक मैनेजमेंट को सफल बनाने के लिए नगर निगम, ट्रैफिक विभाग, जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता अनिवार्य होगी.

बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर होने वाली समस्याओं जैसे पीक ऑवर में जाम, ऑटो और ई-रिक्शा की अनियमितता, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और विभागों के बीच समन्वय की कमी जैसे मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई. अधिकारियों ने माना कि इन समस्याओं के समाधान के बिना शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना संभव नहीं है.

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के मुख्य क्षेत्रों में वाहनों की संख्या, सड़कों की क्षमता और ट्रैफिक प्रबंधन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक क्राइसिस मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए. साथ ही खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को जल्द से जल्द ठीक करने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री रखने की व्यवस्था

सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके. वहीं, मेन रोड, कचहरी रोड, स्टेशन रोड, हरमू बाइपास, रातू रोड और सर्कुलर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से लगाए गए ठेला, गुमटी और अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई करने की बात कही गई. इसके अलावा, पथ निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर सड़कों के डिवाइडर पर लगे क्षतिग्रस्त ग्रिल की मरम्मत जल्द कराने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया.

नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन के नियमों का सख्ती से हो पालन

शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ निर्माण के लिए शीघ्र योजना तैयार करने को कहा गया, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके. नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि 'नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा.

गैर-कानूनी वसूली और बिना इजाजत पार्किंग पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. बैठक में ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बैरिकेडिंग, रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही, जाम से निजात दिलाने के लिए विशेष तैयारियां भी की जा रही हैं.

निरीक्षण की समय सीमा तय

इसी क्रम में 23 अप्रैल 2026 को एक संयुक्त टीम द्वारा कचहरी चौक से किशोरी यादव चौक होते हुए रातू रोड और न्यू मार्केट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा. इस निरीक्षण का उद्देश्य ट्रैफिक जाम के वास्तविक कारणों, ऑटो स्टैंड, अतिक्रमण और अन्य बाधाओं का आकलन कर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है.

शहरवासियों से अपील

नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग से बचें और अतिक्रमण न करें. उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग के बिना शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारना संभव नहीं है. बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, डीएसपी ट्रैफिक प्रमोद केशरी, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, गौतम प्रसाद साहू समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

इस बैठक के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन अब केवल योजना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी या नहीं, यह इन फैसलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा.