झारखंड में फिर सक्रिय हुआ अमन साहू गैंग, किसने संभाली कमान, पाकिस्तान से कैसा कनेक्शन?
Jharkhand DesK: गैंगस्टर अमन साहू के मारे जाने के बाद उसके गैंग की कमान अब राहुल दुबे ने संभाल ली है. रविवार को गैंग ने राहुल को कमान सौंपे जाने का ऐलान किया. उल्लेखनीय हैकि इसी साल 11 मार्च को झारखंड पुलिस ने अमन साहू को पलामू में हुई भीषण मुठभेड़ में मार गिराया था. इसके बाद इस गिरोह ने राहुल सिंह के द्वारा अमन साहू गैंग के संचालन का ऐलान किया था, लेकिन मयंक सिंह के प्रत्यर्पण के बाद आपराधिक गिरोह ने ऐलान किया है कि ग्रुप का संचालन सिर्फ राहुल दुबे के द्वारा ही किया जाएगा.
अमन साहू के एनकाउंटर के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे. परिजनों का कहना था कि अमन साहू का एनकाउंटर फर्जी था. इसको लेकर अमन की मां ने जांच की मांग की थी. इसके बाद कई दिनों तक जांच की मांग करने के बाद अमन साहू के घरवालों ने भी मांग करना छोड़ दिया. अब अमन साहू का गैंग एक बार फिर से अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है. गैंगस्टर अमन साहू गैंग की कमान अब राहुल दुबे नेसंभाल ली है.
इसके अलावा गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर के बाद उसके गुर्गे सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को भी गिरफ्तार किया है. मंयक को झारखंड पुलिस ने अजरबैजान से प्रत्यर्पित किया है. अमन को झारखंड लाने के लिए एक स्पेशल पुलिस टीम भेजी गई थी. यहां लाने के बाद मयंक ने कई बड़े खुलासे किए हैं. मयंक ने बताया था कि किस तरह से पाकिस्तान से सप्लाई होने के बाद हथियार देश के कई हिस्सों में पहुंचाया जाता था.
इसको लेकर झारखंड पुलिस ने कई खुलासे मयंक से करवा लिए थे. इसमें पाकिस्तान से आने वाले हथियार को मयंक ही डील करता था और देश के कई हिस्सों में उसकी सप्लाई करता था. इसके अलावा मयंक विदेश में बैठकर ही व्यापारियों से रंगदारी भी मांगता था.







