राजनीतिक खींचतान के बीच जिला प्रशासन का बड़ा कदम, बोकारो में Air Connectivity की राह हुई आसान
Bokaro: बोकारो में हवाई सेवा शुरू करने को लेकर लंबे समय से चल रही सियासी खींचतान के बीच अब जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है. प्रशासनिक स्तर पर जरूरी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में आम लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिल सके.
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान संचालन शुरू करने के लिए नागरिक उड्डयन से जुड़े विभागों के साथ समन्वय बढ़ाया गया है. रनवे, सुरक्षा मानकों, फायर सेफ्टी और तकनीकी सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है. इसके साथ ही एयरलाइंस कंपनियों से भी प्रारंभिक स्तर पर बातचीत चल रही है.
बोकारो हवाई अड्डे का निरीक्षण
बैठक के बाद AAI, BSL और जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने बोकारो हवाई अड्डे का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बोकारो स्टील और डीजीसीए के बीच लंबित कुछ तकनीकी और समन्वय संबंधी कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई. बोकारो डीसी ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर से लगभग सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं. सातनपुर पहाड़ी पर लगने वाली लाइट भी मंगाई जा चुकी है और जल्द ही उसका इंस्टॉलेशन कर दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और सेल के बीच जो भी शेष कार्य हैं, उनमें समन्वय स्थापित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है और यह काम तेजी से किया जा रहा है. डीसी ने स्पष्ट किया कि 30 मई तक सभी लंबित कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. जून महीने में डीजीसीए के निरीक्षण के दौरान लाइसेंस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए बोकारो स्टील और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के बीच एमओयू भी किया जाएगा.
हटाया गया अतिक्रमण
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के आसपास किए गए सभी अवैध अतिक्रमणों को हटा दिया गया है. मीट और मछली की दुकानों को भी हटाया जा चुका है ताकि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो सके. दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है.
एयरपोर्ट अथॉरिटी कर रही है निरीक्षण
डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि हवाई अड्डे से जुड़ी छोटी-छोटी तकनीकी और प्रशासनिक कमियों को लगभग दूर कर लिया गया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड की टीम निरीक्षण कर रही है और तय टाइमलाइन के अनुसार कई कार्यों को 15 तारीख तक तथा शेष छोटे कार्यों को 30 मई तक पूरा किया जाएगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि जून में होने वाले डीजीसीए निरीक्षण के बाद बोकारो हवाई अड्डे को लाइसेंस मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा.







