मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने रची खौफनाक साजिश, प्रेमी की हत्या कर जंगल में दफनाया शव
पुलिस के अनुसार, मामला लावालांग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव का है। मृतक की पहचान गुड्डू मुंडा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि 30 मार्च को आरोपी राकेश मुंडा अपने साथियों के साथ पहले से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही गुड्डू मुंडा बस से यात्रा कर रहा था, आरोपियों ने उसे जबरन बस से उतार लिया।
इसके बाद उसे माधनिया घाटी के जंगल क्षेत्र में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया और उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के पिता ने बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी महेश गंझू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी राकेश मुंडा अपनी मां और गुड्डू मुंडा के बीच कथित प्रेम संबंधों से नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और अपने साथियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने महेश गंझू, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता राकेश मुंडा अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस खौफनाक वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।







