उगते सूर्य को अर्घ्य, छठी मईया की विदाई… रांची के घाटों पर दिखी श्रद्धा की अद्भुत तस्वीर
Ranchi: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही राजधानी रांची के तमाम छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती और उनके परिजन पारंपरिक सूप, दउरा और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे और भगवान भास्कर की आराधना की।
जैसे ही आसमान में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी, छठव्रतियों ने विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का ऐसा माहौल दिखा कि पूरा वातावरण छठी मईया के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा।
सुबह होते ही घाटों पर जुटी भारी भीड़
छठ के प्रातःकालीन अर्घ्य को लेकर कई घाटों पर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह होते-होते घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती और उनके परिजन जुट गए। कोई हाथों में सूप लेकर पहुंचा तो कोई दउरा में पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य की उपासना में लीन दिखाई दिया।
परिवार के सदस्य एक-दूसरे का हाथ थामे घाटों तक पहुंचे। महिलाओं के समूह पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा-अर्चना करते नजर आए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस पावन अनुष्ठान के साक्षी बने।
चार दिनों तक राजधानी में रहा उत्सव का माहौल
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ व्रत का समापन हुआ। इस दौरान रांची में घरों से लेकर घाटों तक उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
छठ की खास बात यह भी रही कि राजधानी में रहने वाले लोगों के साथ दूसरे शहरों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले परिवार के सदस्य भी पर्व मनाने अपने घर लौटे। इससे परिवारों में त्योहार की रौनक और बढ़ गई।
अर्घ्य के बाद बांटा प्रसाद
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को छठ का प्रसाद दिया और परिवार के साथ महापर्व का समापन किया। श्रद्धा, आस्था, पारंपरिक लोकगीतों और सामूहिक सहभागिता के बीच राजधानी रांची के सभी छठ घाट भक्तिमय नजर आए।







