Newshaat_Logo

अर्जुन मुंडा की मां का निधन, 93 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है. सायरा मुंडा संघर्ष, सादगी और ममता की मिसाल थीं. पति के निधन के बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में बच्चों का पालन-पोषण किया और अर्जुन मुंडा को बेहतर संस्कार दिए.
 
JHARKHAND

Kharsawan: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। अर्जुन मुंडा के लिए उनकी मां केवल परिवार की मुखिया नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा और ताकत थीं। सादगी, संघर्ष, स्वाभिमान और ममता से भरा उनका जीवन हर किसी के लिए प्रेरणादायक रहा।

Image

पिता के निधन के बाद अकेले संभाली परिवार की जिम्मेदारी

अर्जुन मुंडा के बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद सायरा मुंडा ने कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारी संभाली। मेहनत और संघर्ष के दम पर उन्होंने अपने बच्चों का पालन-पोषण किया और उन्हें बेहतर संस्कार दिए। बेटे के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बनने के बाद भी उन्होंने अपनी सादगी और जीवनशैली नहीं बदली।

Image

मां से बात किए बिना शुरू नहीं होता था अर्जुन मुंडा का दिन

अर्जुन मुंडा अपनी मां से बेहद जुड़ाव रखते थे। वे देश या विदेश में कहीं भी रहें, सुबह पूजा से पहले मां को फोन कर उनका हालचाल जरूर लेते थे। त्योहारों पर मां का आशीर्वाद लेना और उनसे पारंपरिक गीत सुनने की फरमाइश करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।

Image

मां के लिए बांसुरी बजाते दिखे थे अर्जुन मुंडा

मां-बेटे के गहरे रिश्ते का एक भावुक वीडियो भी पहले सामने आया था। इसमें अर्जुन मुंडा अपनी बीमार मां के बिस्तर के पास बैठकर बांसुरी बजाते नजर आए थे। धुन खत्म होने के बाद सायरा मुंडा ने कांपते हाथों से बेटे के सिर पर आशीर्वाद रखा था। यह दृश्य मां-बेटे के अटूट प्रेम की यादगार तस्वीर बन गया।

जरूरतमंदों की मदद करना थी उनकी पहचान

सायरा मुंडा सादगी के साथ जीवन जीती थीं। वे फिजूलखर्ची से दूर रहती थीं और छोटी-छोटी बचत से जरूरतमंदों की मदद करती थीं। गरीब बेटियों की शादी और जरूरतमंदों के इलाज में आर्थिक सहयोग करना उनकी आदत में शामिल था।

उनके निधन से परिवार ने अपना स्नेह और मार्गदर्शन देने वाला मजबूत सहारा खो दिया है। वहीं, अर्जुन मुंडा के जीवन से वह शख्सियत चली गईं, जिनके आशीर्वाद और संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई।