दुबई में फंसे झारखंड के करीब 60 व्यवसायी की सकुशल वापसी, खाड़ी देशों में तनाव के बीच दुबई से रांची लौटे...परिजनों में खुशी का माहौल
Ranchi: खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात और सुरक्षा संकट के बीच दुबई में फंसे झारखंड के करीब साठ व्यवसायियों का दल गुरुवार को सकुशल रांची लौट आया. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही परिजनों और कंपनी के प्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. कई दिनों की चिंता और अनिश्चितता के बाद अपने प्रियजनों को सामने देखकर परिवारों की आंखें नम हो गईं.
जानकारी के अनुसार, रांची और आसपास के क्षेत्रों के ये व्यवसायी एक निजी कंपनी के टूर पैकेज के तहत 24 फरवरी को कोलकाता से दुबई गए थे. यह एक व्यावसायिक और पर्यटन यात्रा थी, जिसमें कई कारोबारी संभावनाओं को तलाशने के साथ-साथ वहां के बाजार और व्यापारिक माहौल का अध्ययन भी करना था. इस दल की वापसी 28 फरवरी को निर्धारित थी. हालांकि, 28 फरवरी को जब यह समूह अबूधाबी एयरपोर्ट पहुंचा, तभी अचानक क्षेत्र में युद्ध से जुड़े हालात बिगड़ गए. सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई. उड़ानें रद्द होने और सुरक्षा अलर्ट के कारण कई यात्री एयरपोर्ट परिसर में ही फंस गए.
बताया गया कि हालात बिगड़ने के बाद इस दल के सदस्यों ने किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचकर शरण ली. वहां कई घंटे तक वे असमंजस और चिंता की स्थिति में रहे. इस दौरान कंपनी और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की गई. हालात सामान्य होने और एयरपोर्ट के फिर से खुलने के बाद कंपनी के सहयोग से उनकी वापसी की व्यवस्था की गई.
गुरुवार को जैसे ही विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा, यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. कई परिवार पिछले कुछ दिनों से लगातार अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे.
दुबई से लौटे एक यात्री ने बताया, “जब हम अबूधाबी एयरपोर्ट पहुंचे तो अचानक माहौल बदल गया. सुरक्षा अलर्ट के बाद एयरपोर्ट बंद कर दिया गया और चारों ओर अफरातफरी का माहौल था. उस समय हमें अपनी सुरक्षा की ही चिंता थी. किसी तरह सुरक्षित जगह पर पहुंचे और कंपनी के संपर्क में रहे. अब सकुशल घर लौटकर बहुत राहत महसूस हो रही है.”







