राज्य में सुरक्षा का ऑडिट! 24 घंटे में बताना होगा किसके पास कितने बॉडीगार्ड और हथियार...
Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को पत्र लिखकर बॉडीगार्ड्स के सबंध में विभिन्न पहलुओं से संबंधित कुछ जानकारियां 24 घंटे के अंदर मांगी है. इस संबंध में झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा पत्र जारी किया गया है.
24 घंटे में उपलब्ध करवाए सूची
झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा झारखंड के विशिष्ट, अति विशिष्ट तथा अन्य व्यक्तियों को कितने अंगरक्षक उपलब्ध करवाए गए हैं, अंगरक्षकों की संख्या क्या है उनकी प्रतिनियुक्ति कब से है उनके पास कितने हथियार हैं और बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाने की अनुशंसा किसके द्वारा की गई थी इसकी पूरी जानकारी 24 घंटे के अंदर सभी जिलों से मांगी है.
पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि राज्य के विभिन्न जिलों में वीआईपी से लेकर आम लोगों को जो बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं, उसकी पूरी विवरणी की आवश्यकता है. इस संबंध में निर्देश दिया जाता है कि अंगरक्षकों से संबंधित विवरणी 24 घंटे के अंदर पुलिस मुख्यालय झारखंड रांची को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें.
क्या-क्या देनी है जानकारी
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को यह बताना है कि उनके द्वारा कितने विशिष्ट ,अति विशिष्ट और अन्य व्यक्तियों को कितने बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं. व्यक्ति विशेष और उनके पास कितने बॉडीगार्ड हैं, नाम सहित सूची बनाकर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध करवाना है.
सूची में अमुक व्यक्ति को कितने बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं, इसकी भी पूरी जानकारी देनी है. इसके अलावा जिन व्यक्तियों को बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं. वह बॉडीगार्ड किस तिथि से उनके पास उपलब्ध हैं. इसकी पूरी विवरणी भी पुलिस मुख्यालय के द्वारा मांगी गई है.
पुलिस मुख्यालय के पत्र में यह भी लिखा गया है कि विशेष व्यक्तियों को जो बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं, उन्हें किस तरह के हथियार दिए गए हैं, उसकी विवरणी भी सूची में शामिल करनी है. सबसे महत्वपूर्ण जिला पुलिस को यह भी बताना है कि किसके अनुशंसा पर अमुक व्यक्ति को बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाया गया है.
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाल के दिनों में बॉडीगार्ड को लेकर कई तरह के विवाद सामने आए हैं. वहीं कुछ लोगों के बॉडीगार्ड को लेकर सुरक्षा ऑडिट भी बेहद जरूरी हो गया है. ऐसे में सभी जिलों के एसएसपी/एसपी से बॉडीगार्ड्स को लेकर जानकारी मांगी गई है. माना जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय की समीक्षा के बाद कुछ लोगों की सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है. जबकि कुछ के बॉडीगार्ड हटाए भी जा सकते हैं.







