बोकारो में ऑटो चालकों की होगी अलग पहचान, यूनिफॉर्म पहनना होगा जरूरी; उल्लंघन पर जुर्माना और कार्रवाई तय
Bokaro: शहर में ऑटो संचालन को व्यवस्थित और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत अब बोकारो के ऑटो चालकों के लिए अलग-अलग रंग के यूनिफॉर्म निर्धारित किए जाएंगे, ताकि उनकी आसानी से पहचान हो सके और अवैध संचालन पर रोक लगाई जा सके.

नई व्यवस्था के अनुसार, निर्धारित यूनिफॉर्म पहनना सभी ऑटो चालकों के लिए अनिवार्य होगा. इसके साथ ही वाहन के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट भी साथ रखना होगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ जुर्माना, चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी. शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग ने सभी ऑटो चालक संगठनों के साथ अहम बैठक की. बैठक में ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने साफ कहा कि सड़क पर जहां-तहां ऑटो खड़ा करना, यात्रियों के लिए खींचतान करना और नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
डीएसपी ने सभी संगठनों को अपने-अपने क्षेत्र के ऑटो चालकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. इसके बाद विभाग की तरफ से क्षेत्रवार अलग-अलग यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी. जिससे चालक की पहचान आसानी से हो सके. डीएसपी ने कहा कि प्रत्येक ऑटो चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है. जिनके पास लाइसेंस नहीं है, वे तुरंत आवेदन कर इसे बनवाएं.
ट्रैफिक डीएसपी के सामने चालकों ने रखी मांग
बैठक में ऑटो चालकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं. ऑटो चालकों ने बताया कि परमिट और फिटनेस के लिए रांची जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है. साथ ही परमिट व फिटनेस से जुड़े जुर्माने की ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई.
डीएसपी ने समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
इस पर डीएसपी ने आश्वासन दिया कि पहले सभी ऑटो चालक संगठनों की सूची तैयार की जाएगी, फिर विशेष शिविर लगाकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यवस्था सुधारना और आम जनता को सुरक्षित व बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.







