आपदा प्रबंधन के 1300 करोड़ पर सवाल, बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार से मांगा हिसाब

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सरकार पर आपदा प्रबंधन विभाग के 1300 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार बीते पांच वर्षों में इस धनराशि का हिसाब देने में विफल रही है। उन्होंने लिखा, "आपदा प्रबंधन विभाग का ₹1300 करोड़ आखिर कहां गया? क्या इस राशि का दुरुपयोग हुआ है या फिर कोई बड़ा घोटाला किया गया है?"
"जनता को हर पाई का हिसाब चाहिए"
मरांडी ने सरकार की वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को हर पाई का हिसाब देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, "राज्य के वित्त मंत्री महुआ शराब बनाने के प्लांट लगाने जैसे विवादित प्रस्ताव लाते हैं, जबकि सरकार खजाने से खर्च किए गए करोड़ों रुपये का विवरण देने में असमर्थ है।"

"आर्थिक संकट का खतरा"
मरांडी ने चेतावनी दी कि सरकार की यह अनियमितता और वित्तीय लापरवाही झारखंड को गंभीर आर्थिक संकट में डाल सकती है। उन्होंने मांग की है कि सरकार आपदा प्रबंधन के हर खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक करे और राज्य की जनता के सामने पारदर्शिता बनाए रखे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर सरकार इसी तरह से जवाबदेही से बचती रही, तो जनता को इसका जवाब देना पड़ेगा।