Newshaat_Logo

झारखंड विधानसभा में SIR पर संग्राम! बाबूलाल से लेकर सरयू राय तक ने उठाये सवाल, ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव पारित

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. चर्चा के बाद SIR की प्रक्रिया सरल बनाने, वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया गया. राधाकृष्ण किशोर और प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाये, जबकि बाबूलाल मरांडी और नवीन जायसवाल ने सरकार के रुख का विरोध किया. सरयू राय ने प्रस्ताव के औचित्य और विधानसभा के अधिकार क्षेत्र पर सवाल खड़े किये.
 
JHARKHAND

Jharkhand Assembly Special Session: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को SIR को लेकर सदन में जोरदार सियासी घमासान देखने को मिला। मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाने, दस्तावेजों की अनिवार्यता और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गये। लंबी चर्चा के बाद सदन में SIR की प्रक्रिया सरल बनाने, किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं काटने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया गया।

Kerala Vigilance Seeks State Sanction for Probe Against CEO Gyanesh Kumar  Over Two Crore Bribe Demand

राधाकृष्ण किशोर ने केंद्र और चुनाव आयोग पर उठाये सवाल

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए SIR के लिए नई सर्वदलीय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) बनाने की मांग की। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा। सरकार का तर्क था कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी वैध मतदाता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

प्रदीप यादव ने उठायी जवाबदेही तय करने की मांग

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मतदाता सूची से नाम हटाये जाने को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम हटाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।

बाबूलाल और नवीन जायसवाल ने सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मतदाता सूची के आंकड़ों के आधार पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की संख्या घटने के पीछे मृत्यु, पलायन, दोहरी प्रविष्टि और पता नहीं चलने जैसी वजहें भी हैं। उन्होंने SIR को राजनीतिक विवाद बनाने के बजाय प्रक्रिया में सहयोग करने की बात कही।

वहीं भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने SIR पर चर्चा को कांग्रेस के रामलीला मैदान में चलाये गये वोट चोरी अभियान का पार्ट-2 बताया। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

एमटी राजा ने दस्तावेजों और घुसपैठ के मुद्दे पर जतायी चिंता

JMM विधायक एमटी राजा ने बंगाल से आकर झारखंड में बसे परिवारों के दस्तावेजों को लेकर चिंता जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जतायी कि दस्तावेजों की परेशानी के कारण बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम कट सकते हैं।

सरयू राय बोले- विधानसभा के अधिकार क्षेत्र से बाहर है मांग

विधायक सरयू राय ने विशेष सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाया। उन्होंने इसे सरकारी पैसे की बर्बादी बताया। साथ ही कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने का अधिकार विधानसभा के पास नहीं है। उनके मुताबिक सदन में उन्हीं मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, जो उसके अधिकार क्षेत्र में आते हैं।

SIR पर सदन में दिखी सत्ता पक्ष और विपक्ष की अलग-अलग राय

विशेष सत्र के दौरान जहां सरकार ने SIR को सरल बनाने और वैध मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की, वहीं भाजपा विधायकों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया का समर्थन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग और विधानसभा के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी सदन में तीखी बहस हुई।