आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने का लगाया आरोप, जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए अन्यथा कार्यकर्त्ता सड़क पर उतरेंगे...
Jamshedpur: आदित्य साहू ने जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह और जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में जनसंपर्क किया.
Feb 19, 2026, 14:33 IST
Jamshedpur: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है. जमशेदपुर के मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में राजनैतिक दल के बड़े नेताओं का दौरा शुरू हो गया है. पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में बड़े नेताओं द्वारा बयानबाजी खुलकर सामने आ रहा है.
इधर, जमशेदपुर दौरे पर आए झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया.
आदित्य साहू ने जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह और जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में जनसंपर्क किया.
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में मौजूदा सरकार अपराधियों और असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है.
राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. कोल्हान के चक्रधरपुर में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों को कथित तौर पर अपराधियों की ओर से धमकियां मिल रही हैं. इससे निकाय चुनाव के प्रत्याशी भय के माहौल में है.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए अन्यथा कार्यकर्त्ता सड़क पर उतरेंगे. चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ बीजेपी अदालत जाएगी.
ये सरकार अपनी हार के डर से गैर दलीय आधार पर चुनाव करवा रही है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार आती जाती रहती है. इसलिए प्रशासन टूल किट न बने. उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में एनडीए समर्थित सभी प्रत्याशी की जीत सुरक्षित है.
वहीं, जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी इंदु देवी के पक्ष में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता डॉ अजय कुमार जनसभा को संबोधित कर पद यात्रा की. इस दौरान डॉ अजय कुमार स्थानीय जनता से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील की.
उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि यह दलीय आधारित चुनाव नहीं है. पार्टी का कोई सिम्बल नहीं है. इस चुनाव में धर्म के नाम पर वोट मांगे जा रहे हैं. इसलिए जनता धर्म को देखकर नहीं प्रत्याशी को देखकर चुनने का काम करे.
भय का माहौल बनाने वालों को जनता वोट नहीं देगी. डॉ अजय कुमार ने कहा कि जब मैं जमशेदपुर का एसपी था. उस दौरान एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ शहर से बाहर चला गया था. आज वो व्यक्ति अपने धर्म के नाम पर वोट मांग रहा है. जबकि उसने समाज हित में कोई काम नहीं किया है.







