Newshaat_Logo

JPSC-JSSC धांधली में बड़ा एक्शन! सचिवालय कर्मी CID की हिरासत में, रांची में पूछताछ

Giridih: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने सचिवालय में पोस्टेड एक कर्मी को हिरासत में लिया है. उसे रांची लाकर पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सामने आए कुछ तथ्यों के आधार पर कर्मी से परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है.
 
JHARKHAND

Giridih: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली की जांच कर रही CID ने गिरिडीह जिले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने गुरुवार देर रात बेंगाबाद इलाके में दबिश देकर समीर कुमार नामक शख्स को हिरासत में लिया। पूछताछ के लिए CID उसे रांची लेकर गई है, जहां उससे लगातार पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

bengabad thana, giridih

यह गिरिडीह में CID की तीसरी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले भी जांच एजेंसी JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में बेंगाबाद और आसपास के इलाकों में कार्रवाई कर चुकी है।

घर पहुंची CID की टीम, कई कागजात जब्त

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, CID की टीम गुरुवार रात स्थानीय पुलिस के साथ बेंगाबाद पहुंची। टीम समीर कुमार के घर गई और उसे हिरासत में लिया। इस दौरान जांच टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण कागजात भी जब्त किए।

हिरासत में लेने के बाद समीर कुमार को सबसे पहले बेंगाबाद थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद CID की टीम उसे अपने साथ रांची लेकर रवाना हो गई। रांची में भी उससे पूछताछ जारी बताई जा रही है।

CGL में सफल होने के बाद सचिवालय में है पोस्टेड

जानकारी के मुताबिक, समीर कुमार JSSC CGL परीक्षा में सफल होने के बाद रांची स्थित सचिवालय में पोस्टेड है। CID की टीम उससे परीक्षा में कथित धांधली और उससे जुड़े संभावित संपर्कों को लेकर जानकारी जुटा रही है।

हालांकि, समीर कुमार की हिरासत को लेकर CID की ओर से फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि उसे किस आधार पर हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उसके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

अभय तिवारी कनेक्शन को लेकर बढ़ी हलचल

JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में बेंगाबाद का नाम पहले भी सामने आ चुका है। कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के बेंगाबाद स्थित हथबोर ससुराल में भी जांच टीम पहुंच चुकी है और वहां पूछताछ की गई थी।

इसके बाद अभय तिवारी की पत्नी और भाई की गिरफ्तारी की खबरों के बीच अब CID की ओर से समीर कुमार को हिरासत में लिए जाने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, समीर कुमार और अभय तिवारी के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

पहले भी बेंगाबाद पहुंच चुकी है जांच टीम

इससे पहले झारखंड पुलिस की जांच टीम कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के हथबोर स्थित ससुराल पहुंची थी। वहां परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई थी। अब एक बार फिर बेंगाबाद में CID की कार्रवाई से जांच के आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

कई लोग CID के रडार पर होने की चर्चा

समीर कुमार से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच सकती है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कई लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

फिलहाल CID समीर कुमार से रांची में पूछताछ कर रही है। उसके पास से जब्त किए गए कागजात और अन्य सामग्री की जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ हो सकेगी।