Movie prime

मंईयां सम्मान योजना का बड़ा लाभ: रांची की 3.87 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹96.79 करोड़

 •    हर लाभार्थी महिला को डीबीटी के जरिए भेजे गए ₹2500
    •    ग्रामीण से शहरी इलाकों तक लाखों महिलाओं को मिली आर्थिक मदद

 
मंईयां सम्मान योजना का बड़ा लाभ: रांची की 3.87 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹96.79 करोड़
Jharkhand News: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में रांची जिले की लाखों महिलाओं को फरवरी महीने की सम्मान राशि उनके बैंक खातों में भेज दी गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार योजना के अंतर्गत जिले की 3 लाख 87 हजार 174 महिलाओं को आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2500 रुपये की राशि प्रदान की गई है। इस तरह कुल मिलाकर 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं।

अलग-अलग प्रखंडों में हजारों महिलाओं को मिला लाभ

रांची जिले के कई प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। इनमें बेड़ो, बुंडू, चान्हो, इटकी, कांके, खलारी, लापुंग, मांडर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली, सोनाहातू और तमाड़ जैसे क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।

साथ ही कांके, नगड़ी, नामकुम और सदर के शहरी क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ दिया गया है।

चुनावी वादे से बनी बड़ी योजना

गौरतलब है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इस वादे को पूरा करते हुए मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं के खातों में नियमित रूप से राशि भेजी जा रही है।

सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर करना है। योजना के तहत मिलने वाली राशि से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।