धनबाद से बड़ी खबर: CBI ने कोलियरी के घूसखोरी मामले में JMM नेता समेत अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, पोल खुलते ही मशीनरी में हड़कंप
Bokaro: जिला अंतर्गत सीसीएल के कथारा में सीबीआई की धनबाद टीम ने शुक्रवार को कथारा कोलियरी में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान एवं जेएमएम नेता सह एचएमकेपी के कथारा क्षेत्रीय सचिव शमशुल हक को लगभग 3O हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई के बाद सीसीएल क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है.

सुरेश किस्कू नामक व्यक्ति ने सीबीआई धनबाद से शिकायत की थी कि उसके पिता कारू मांझी, जो वर्ष 2024 में कथारा कोलियरी से सेवानिवृत्त हुए थे, उनके रिटायरमेंट के बकाया भुगतान का मामला लंबित था. जिससे परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था. आरोप है कि बकाया राशि के भुगतान को क्लियर करने के एवज में कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान द्वारा 3O हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी.
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई के एसपी डीएल मीणा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व डीएसपी प्रियरंजन कर रहे थे. योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को कथारा कोलियरी स्थित परियोजना कार्यालय में नाटकीय ढंग से छापेमारी की. छापेमारी देर रात करीब 2 बजे तक चली.
सीबीआई टीम ने जैसे ही सुरेश किस्कू द्वारा तय राशि सौंपी गई, मौके पर ही कार्मिक प्रबंधक पासवान और कथित बिचौलिया शमशुल हक को रंगे हाथ दबोच लिया. दोनों के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कथारा स्थित सीसीएल गेस्ट हाउस में रखा गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं.
मामले में सीबीआई टीम के डीएसपी प्रियरंजन ने बताया कि रिश्वत लेने की शिकायत मिली थी. उसी के आलोक में जांच की गई. वहीं दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.







