Newshaat_Logo

स्वच्छता की ओर बड़ा कदम: ‘स्वच्छांदोलन रैली’ में हजारों लोगों की भागीदारी, साफ-सुथरे रांची का लिया संकल्प

खास बात यह रही कि इस अभियान में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे स्वच्छता के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया.
 
Jharkhand

Ranchi: रांची नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को भव्य स्वच्छांदोलन रैली का आयोजन किया गया. इस रैली में नगर प्रशासक सुशांत गौरव, महापौर रोशनी खलखो समेत नगर निगम के तमाम पार्षद, पदाधिकारी, सफाई कर्मी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए.

आम लोग भी शामिल

खास बात यह रही कि इस अभियान में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे स्वच्छता के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया.

रैली में रांची नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर और मिस यूनिवर्स झारखंड 2025 रिया तिर्की की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण दिया. उनकी भागीदारी से युवाओं के बीच स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ.

निगम कार्यालय से निकली रैली

रैली नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर कचहरी चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम तक पहुंची. इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता से जुड़े संदेश लिखे बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया.

स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास

रैली के दौरान पूरे मार्ग में 'स्वच्छ रांची, सुंदर रांची' और 'मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी' जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कई जगहों पर लोग रैली में शामिल होते नजर आए. इससे यह साफ हुआ कि स्वच्छता अब केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जन आंदोलन का रूप ले रही है.

रैली से पूर्व शपथ

रैली से पहले महापौर रोशनी खलखो द्वारा उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई. उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है. यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें, तो रांची को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का सपना जल्द ही साकार हो सकता है.

स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बेहद जरूरी

नगर प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार विभिन्न अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन जब तक आम जनता इसमें सक्रिय रूप से हिस्सा नहीं लेगी, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.

वहीं, रिया तिर्की ने रांची नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता एक आदत है, जिसे हमें अपने जीवन में शामिल करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि हमारा शहर स्वच्छ रहेगा, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे राज्य पर पड़ेगा. उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे इस तरह के अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं.

इस रैली के माध्यम से नगर निगम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है.