मानगो फ्लाईओवर पर बड़ा अपडेट! JDU के विरोध के बाद मानगो फ्लाईओवर निर्माण का काम दोबारा ...
Jharkhand Desk: मानगो के स्वर्णरेखा नदी के ऊपर बन रहे फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में आंशिक ठहराव के बाद काम फिर से रफ्तार पकड़ चुका है. दरअसल, डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के पास से मानगो चौक तक निर्माण कार्य पहले से प्रगति पर है. लेकिन मानगो चौक से पारडीह रोड की ओर पाइलिंग का काम अबतक लंबित था. बीते 25 नवंबर को मशीनें उतारी गई, पाइलिंग की शुरुआत भी हुई, लेकिन विधायक सरयू राय के हस्तक्षेप के बाद जदयू नेताओं ने इसका विरोध किया और काम रुकवा दिया. इस दौरान जदयू नेता पप्पू सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने साफ कहा था कि पहले डिमना रोड वाले हिस्सा का काम पूरा हो, फिर मानगो चौक में काम शुरू किया जाये. लेकिन अब यह निर्माण कार्य फिर से शुरू हो चुका है.

गुरुवार सुबह पृथ्वी उद्यान के सामने जेसीबी और निर्माण मशीनें ला दी गई थी. इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने पहले से घोषित व्यवस्था लागू कर दी है. मानगो चौक की ओर जाने वाला रास्ता अब बंद कर दिया गया है. पारडीह की तरफ से मानगो चौक की ओर आने वाली लेन फिलहाल खुली है.
मानगो स्थित जवाहरनगर रोड नंबर 1 और रोड नंबर 5 के पास से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया है. वहीं, चारपहिया वाहनों को रोकने के लिए सड़क पर बड़े पत्थर रखे गये हैं. ऐसे में अब लोगों को नये ट्रैफिक डायवर्जन के अनुसार सफर करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि फ्लाईओवर प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद मानगो चौक और पारडीह रोड का ट्रैफिक काफी हद तक सुगम होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक यात्रियों को धैर्य और डायवर्जन दोनों को साथ लेकर चलना होगा.







