जमशेदपुर में हिट एंड रन केस, भीषण टक्कर से बिहार के मंटू यादव की दर्दनाक मौत...
Hit and Run: यह हादसा टाटा मोटर्स गेट के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी...
Feb 3, 2026, 12:55 IST
Hit and Run: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई थी उसकी शिनाख्त हो गई है. मृतक की पहचना साइजर इंटरप्राइजेज में काम करने वाले खलासी मंटू यादव के तौर पर की गई है. यह हादसा टाटा मोटर्स गेट के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे का भयावह दृश्य
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंटू यादव पैदल सड़क पार कर रहे थे. तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और वाहन का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मंटू यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
हादसे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिय. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके.
मृतक बिहार का रहने वाला
मंटू यादव मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और जमशेदपुर में रहकर साइजर इंटरप्राइजेज में खलासी का काम करते थे. हादसे की खबर फैलते ही उनके परिचित और सहकर्मी अस्पताल और थाना पहुंचे.
घटना के बाद मृतक के परिजन गहरे शोक में हैं. स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और कहा है कि जल्द ही चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.







