Movie prime

दिशोम गुरु शिबू सोरेन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन आज, बधाई देने वालों का लगा तांता

झारखंड की राजनीति में अमिट छाप छोड़ने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81वां जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आदिवासी समाज के मसीहा कहे जाने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के रांची स्थित आवास पर और सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस अवसर को खास बनाने के लिए आयोजन किए हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता भी दिशोम गुरु को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिबू सोरेन के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "दिशोम गुरु आदरणीय शिबू सोरेन जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मरांग बुरू से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।"

इसी के साथ, राज्य के पहले मुख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का भी जन्मदिन मनाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बाबूलाल मरांडी ने अपने परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया।



झारखंड के इन दो बड़े नेताओं के जन्मदिन पर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक उत्सव का माहौल है।