Newshaat_Logo

हर हाल में राज्यसभा चुनाव जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा, प्रदेश चुनाव समिति में अहम मंथन

Jharkhand: बैठक में पार्टी नेताओं ने एकजुट होकर हर हाल में राज्यसभा चुनाव जीतने का संकल्प लिया. सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक मजबूती, विधायकों के समर्थन और समीकरणों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार चयन से लेकर मतदान तक पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
 
JHARKHAND

Jharkhand: आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है. इस संबंध में प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.

राज्यसभा चुनाव की घोषणा, झारखंड की दो सीटों के लिए 18 जून को मतदान, सियासी  गलियारों में बढ़ी हलचल

बैठक में पार्टी नेताओं ने एकजुट होकर हर हाल में राज्यसभा चुनाव जीतने का संकल्प लिया. सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक मजबूती, विधायकों के समर्थन और समीकरणों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार चयन से लेकर मतदान तक पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहु के नेतृत्व में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद विद्युत वरण महतो, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, आरती सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, चुनाव समिति सदस्य रविंद्र राय, श्याम नारायण दुबे, गणेश तिवारी और बालमुकुंद सहाय उपस्थित रहे.

Jharkhand BJP Decided to Field Candidate in Rajya Sabha Elections

इस बैठक में सर्वसम्मति से एक सीट पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया. बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड में दो राज्यसभा की सीटें जो रिक्त हो रही हैं उसके लिए चुनाव आयोग ने घोषणा कर दी है और जिसका नामांकन की तिथि 1 से 8 जून तक है और चुनाव 18 जून को है. बैठक में निर्णय लिया गया है कि पार्टी यह चुनाव लड़ेगी और अपने प्रत्याशी को हम न सिर्फ उतारेंगे, बल्कि प्रत्याशी हमारा विजयी भी होगा.

राज्यसभा चुनाव में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा इस सवाल पर प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हमारा प्रत्याशी पार्टी के कार्यकर्ता होगा. जेएमएम द्वारा चुनाव आयोग को लिखे पत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि चोर की दाढ़ी में तिनका, उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसी बात जेएमएम कर रही है. आज गठबंधन की क्या हालात हैं, किसी से छिपा नहीं है.

राज्यसभा के निर्वाचन को लेकर के कांग्रेस-JMM में क्या चल रही है, किसी से छिपा नहीं है. उन लोगों को खुद ही अपने में एक सहमति नहीं है, जो 56 के वो दावे कर रहे हैं, वो 56 में 56 हैं क्या? उनके अंदर ही अंतर्कलह है. जेएमएम को झारखंड को बेचने का और खरीदने का पुराना अनुभव है वह दूसरों को ज्ञान न दें तो अच्छा है. हॉर्स ट्रेडिंग उन्हीं लोगों ने यहां पर इंट्रोड्यूस किया हुआ है. राज्यसभा में यहां क्या हुआ, झारखंड कलंकित हुआ, यह तो झारखंड मुक्ति मोर्चा का पुराना इतिहास रहा है.

उन्होंने कहा कि आंकड़े अगर जेएमएम के पास हैं तो डरने की क्या बात है? लोकतांत्रिक अधिकार है हमें चुनाव लड़ने का. हम अपने विचारों के साथ चुनाव क्यों नहीं लड़ने जाएंगे? हम अपना, हम अपना संवैधानिक अधिकार छोड़ दें क्या किसी के कहने से? उन्होंने कहा कि राज्य में 81 मतदाता है और सभी का अपना मन है अपना अंतरात्मा की आवाज है. सभी जानते है कि आज पीएम मोदी का जलवा है, पीएम का काम है, पीएम का विकसित भारत का सपना है 2047 का और उनको मजबूत रखना है तो लोग अंतरात्मा से भी अपने विवेक का विचार करके भी वोट डालेंगे.

उन्होंने कहा कि पार्टी को यह पूर्ण विश्वास है कि इस राज्यसभा के निर्वाचन में जो दो सीटों पर हो रही हैं. उसमें एक प्रत्याशी हमलोग निश्चित रूप से उतारेंगे और 81 मतदाता में से जो हमें जीत के लिए 28 मत प्राप्त होने हैं, वह निश्चित रूप से हम प्राप्त करेंगे.