Newshaat_Logo

राज्यसभा की जंग में भाजपा का मास्टरप्लान, सत्ताधारी विधायकों के रुख पर निर्भर जीत-हार

Jharkhand: बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व ने संभावित समर्थन को लेकर आंतरिक स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है. पार्टी का फोकस ऐसे विधायकों पर है जो मौजूदा राजनीतिक हालात में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ नेताओं को संवाद और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
 
JHARKHAND

Jharkhand: आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीति तेज कर दी है. पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा चुनावी गणित को साधने के लिए सक्रिय रूप से समर्थन जुटाने में लगी हुई है और उसे सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों से समर्थन मिलने की उम्मीद है.

राज्यसभा चुनाव जीतने की तैयारी में जुटी भाजपा, सत्ताधारी विधायकों से समर्थन  की उम्मीद

बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व ने संभावित समर्थन को लेकर आंतरिक स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है. पार्टी का फोकस ऐसे विधायकों पर है जो मौजूदा राजनीतिक हालात में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ नेताओं को संवाद और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित अन्य नेता जल्द ही एनडीए के सभी सहयोगी दल जदयू, लोजपा रामविलास और आजसू सुप्रीमो से मुलाकात करेंगे. राज्यसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की पहल करने पर चर्चा होगी.

इधर राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का झारखंड दौरा जून के पहले सप्ताह में होने की संभावना है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन इस दौरान पार्टी के कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे और रणनीति को अंतिम मुकाम देंगे. भाजपा नेता दीनदयाल वर्णवाल कहते हैं कि प्रदेश नेतृत्व के द्वारा पार्टी प्रत्याशी खड़ा करने का निर्णय लिया गया है.

बीजेपी को सत्ता पक्ष के विधायकों से समर्थन की उम्मीद

उन्होंने कहा कि हमारे पास भले ही तीन-चार वोट कम पर रहे हो, लेकिन हमें उम्मीद है कि केंद्र की मोदी सरकार के विकास और विश्व में भारत की पहचान को ध्यान में रखकर विधायक न केवल मतदान करेंगे, बल्कि हमारे प्रत्याशी का सहयोग भी करेंगे. उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के द्वारा हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका जताए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि सत्तारुढ़ दल के अंदर समन्वय का अभाव है जिसका लाभ राज्यसभा चुनाव में भाजपा को मिलने की उम्मीद है.

18 जून को होगा 2 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव

झारखंड सहित देश भर में 18 जून को राज्यसभा की खाली सीटों पर चुनाव होने वाले हैं. जिसमें झारखंड के दो सीट शामिल हैं. शिबू सोरेन के निधन की वजह से 4 अगस्त 2025 से एक सीट खाली है. वहीं दूसरी सीट दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने से खाली हो रही है. 18 जून को होने वाले मतदान में सत्तारूढ़ जेएमएम, कांग्रेस, राजद के पास 56 विधायकों का मत है. जिसमें जेएमएम के पास 34, कांग्रेस के पास 16, राजद के 4 विधायक और भाकपा माले के 2 विधायक शामिल हैं.

मौजूदा आंकड़ों के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में एक सीट सुरक्षित मानी जा रही है. वहीं दूसरी सीट के लिए दिलचस्प मुकाबला होने की संभावना है. विपक्षी खेमा एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन है. जिसमें भाजपा के 21, आजसू, लोजपा और जदयू के एक-एक विधायक शामिल हैं. पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के बावजूद विपक्ष की ओर से प्रत्याशी खड़ा करने की संभावना जताई जा रही है.