Movie prime

झारखंड में बोर्ड एग्जाम्स आज से शुरू, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर तक धारा-163; छात्रों के साथ आम लोगों के लिए भी सख्ती...

Ranchi: परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त कराने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त किया गया है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल के द्वारा परीक्षा अवधि में परीक्षा केदो के आसपास अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण स्थापित करने के लिए गाइडलाइन जारी की गई है....
 
Jharkhand exam

Ranchi: झारखंड में आज से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा की शुरुआत हो गई है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आयोजित इस परीक्षा में राज्यभर से 7 लाख 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं.

परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त किया गया है.

राज्य के सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई. कई केंद्रों पर छात्र-छात्राएं तय समय से पहले पहुंच गए.
प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया. जैक के निर्देशानुसार किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.
इस वर्ष मैट्रिक और इंटर की परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1989 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें मैट्रिक के लिए 1232 और इंटरमीडिएट के लिए 757 केंद्र शामिल हैं. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है.
प्रश्न-पत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी तरह निगरानी में की गई. कोषागार खोलने से लेकर प्रश्न-पत्र वितरण तक हर चरण में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है.
मैट्रिक परीक्षा में इस वर्ष 4,23,861 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 3,24,321 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं. वहीं, इंटरमीडिएट में संकायवार बात करें तो विज्ञान संकाय से 90,579, वाणिज्य संकाय से 21,195 और कला संकाय से 2,12,547 छात्र शामिल हैं.
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है. मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे अधिक परीक्षार्थियों वाला जिला है, जहां से 40,827 छात्र परीक्षा दे रहे हैं.
वहीं, खूंटी जिला सबसे कम परीक्षार्थियों वाला जिला है, जहां से 6,097 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. इंटरमीडिएट परीक्षा में भी गिरिडीह जिले में सबसे अधिक परीक्षार्थी हैं.
परीक्षा के पहले दिन को लेकर जैक की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कदाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी.
जैक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है. सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई है. किसी भी तरह की गड़बड़ी या
अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. जैक ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, नियमों का पालन करें और शांत मन से परीक्षा दें.
दो पाली में ली जा रही परीक्षाएं
  • झारखंड (JAC) बोर्ड 2026 की मैट्रिक (10वीं) परीक्षा 3 से 17 फरवरी तक पहली पाली में सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक और इंटर (12वीं) परीक्षा दूसरी पाली में 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित हो रही है.
  • मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन 3 फरवरी को वोकेशनल विषयों की परीक्षा हो रही है और विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिया गया.
  • मैट्रिक (10वीं) परीक्षा समय: सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक (प्रथम पाली)
  • इंटर (12वीं) परीक्षा समय: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक (द्वितीय पाली)