बोकारो : मंईयां सम्मान योजना का दुरुपयोग, पुरुष ने भी उठाया लाभ, ब्याज समेत हुई वसूली
झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रदेश की 56 लाख महिलाओं के खातों में सहायता राशि ट्रांसफर की है। इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक मदद प्रदान करना है। लेकिन बोकारो जिले से योजना में गड़बड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां न सिर्फ महिलाओं, बल्कि एक पुरुष ने भी इस योजना का लाभ उठा लिया। प्रशासन को जानकारी मिलते ही आरोपी से ब्याज सहित पूरी राशि की वसूली की गई और एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
कैसे हुआ खुलासा?
मामला बोकारो जिले के आनंद प्रजापति का है, जो एक प्रज्ञा केंद्र चलाते हैं। आनंद ने महिलाओं के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत खुद का पंजीकरण करा लिया। हाल ही में जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी, तो आनंद के खाते में भी पैसे पहुंच गए। जांच में गड़बड़ी का पता चलते ही प्रशासन हरकत में आया और आरोपी से राशि की वसूली की। इसके अलावा, आनंद प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
योजना का क्राइटेरिया
हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनावों के दौरान वादा किया था कि उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस वादे को निभाते हुए उनकी सरकार ने योजना शुरू की, जिसमें 18-50 वर्ष की महिलाओं को पात्र माना गया है। अब तक दो किश्तें जारी की जा चुकी हैं, जबकि तीसरी किश्त जल्द ही आने वाली है। वहीं योजना में इस तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। यह मामला साफ दिखाता है कि योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ लोग गलत रास्ता अपनाने से नहीं चूकते। लेकिन सरकार की सख्ती से ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।