Breaking News: पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन का कुल्लू मनाली में निधन...
Breaking News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है. उनके पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निधन हो गया. वे घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. घटना की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है.

मिली जानकारी के अनुसार वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमने गए थे. बताया जा रहा है कि वे कुल्लू-मनाली क्षेत्र में बर्फबारी का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान यह दुखद घटना घटित हुई. हालांकि, हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
वीर सोरेन, चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है. परिजन और करीबी रिश्तेदार हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं. स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बताया जा रहा है कि वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने गए थे. देर रात वे सोए हुए थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई. दोस्तों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, लेकिन तब तक उनका निधन हो चुका था. फिलहाल परिजन गहरे सदमे में हैं और घटना के बारे में अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मनाली के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जा रहा है कि वे यहां से दिल्ली पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से मनाली जा रहे हैं. सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है.
चंपाई सोरेन ने किया ट्वीट
पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट करते हुए कहा है कि अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का 24 फरवरी 2026 को असामयिक निधन हो गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है.







