Newshaat_Logo

झारखंड में बुलडोजर एक्शन जारी! रांची में 60 से ज्यादा अवैध दुकानें ढहीं, करोड़ों की जमीन हुई कब्जामुक्त

 
झारखंड में बुलडोजर एक्शन जारी! रांची में 60 से ज्यादा अवैध दुकानें ढहीं, करोड़ों की जमीन हुई कब्जामुक्त

Ranchi, Jharkhand: झारखंड में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को रांची नगर निगम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए शहर के कई इलाकों में बुलडोजर चलाया और 60 से अधिक अवैध दुकानें व अस्थायी निर्माण ध्वस्त कर दिए। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान के जरिए सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम की टीम ने सबसे पहले मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के पास ऑक्सीजन पार्क के आसपास सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कई परिवार बेघर हो गए। प्रभावित परिवारों को फिलहाल अस्थायी शेड में ठहराया गया है, जबकि प्रशासन ने उन्हें रविवार को आश्रय गृह भेजने और बाद में आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।

कार्रवाई के दौरान बेघर हुई महिला सरिता और उनकी बेटी लक्ष्मी मुंडा की स्थिति देखकर रांची की मेयर ने रात में उनसे मुलाकात की। घर टूटने के सदमे में महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।

नगर निगम ने रांची कॉलेज के सामने तिरुपति टावर परिसर में गिफ्ट डीड वाली जमीन पर चल रही अवैध जेरॉक्स दुकान को भी हटाया। इसके अलावा हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के पास चिन्हित अतिक्रमण और भारत माता चौक के आसपास सड़क किनारे बने अवैध ढांचों पर भी बुलडोजर चलाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थानीय लोगों ने विरोध जरूर किया, लेकिन प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कार्रवाई पूरी कर ली।

प्रशासन का कहना है कि राज्यभर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने या कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।