प्रज्ञा केंद्र संचालक पर गोली चलाने का मामला, FIR के बाद हरकत में आई पुलिस, संदिग्ध हिरासत में
Palamu: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में प्रज्ञा केंद्र संचालक और उनके पति को अपराधियों ने सोमवार को गोली मार दी थी और उनसे तीन लाख रुपए लूट लिए थे. इस पूरे मामले में प्रज्ञा केंद्र संचालक शमा परवीन के फर्द बयान के आधार पर दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किए हैं.
पुलिस ने फायरिंग की घटना के मामले में संदिग्ध को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है. पुलिस को अपराधियों के विषय में कई जानकारी मिली है, जिसके बाद कई इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है.
दो अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए थे. जख्मी शमा परवीन के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई है: ओमप्रकाश शाह, थाना प्रभारी, रामगढ़
लूटपाट के लिए हुई थी फायरिंग
दरअसल, शमा परवीन लातेहार के बरवाडीह में रहती हैं और पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हूंटार के इलाके में प्रज्ञा केंद्र का संचालन करती हैं. सोमवार को वह अपने पति के साथ प्रज्ञा केंद्र जा रही थी. इसी क्रम के हूंटार स्टैंड के पास बाइक सवार अपराधियों ने लूटपाट करने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में शमा परवीन को पैर में गोली लगी थी जबकि उनके पति के कान को छूते हुए गोली निकल गई थी. उस बीच अपराधियों ने शमा परवीन के पति को पिस्टल के बट से पीटा था.







