Newshaat_Logo

पलामू में क्रिमिनल बैकग्राउंड वालों पर CCA की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों को जिला बदर करने की तैयारी तेज

Palamu: आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और लगातार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने लोगों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने ऐसे अपराधियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है, जिन पर जिला बदर (Externment) की कार्रवाई की जा सकती है.
 
jharkhand

Palamu: झारखंड के पलामू जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और लगातार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने लोगों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने ऐसे अपराधियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है, जिन पर जिला बदर (Externment) की कार्रवाई की जा सकती है.

पलामू जिला से बड़ी संख्या में अपराधियों को जिला बदर करने की तैयारी है. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारी को क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टास्क सौंपा है. बड़ी संख्या में अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है ताकि उनके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा सके.

दरअसल, पलामू पुलिस ने कुछ दिनों पहले क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले 2000 लोगों की सूची तैयार किया था. सूची के आधार पर पुलिस ने सभी का सत्यापन भी शुरू किया है. वैसे अपराधी जिनके खिलाफ गंभीर अपराध के मामले दर्ज है उनके खिलाफ अपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है.

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि सीसीए के तहत कई कार्रवाई होती है. जिसमें जिला बदर से लेकर थाना हाजिरी तक की कार्रवाई शामिल है. पहले चरण में क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले लोगों को थाना हाजिरी करवाई जाएगी बाद में एक्टिविटी के आधार पर जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने बताया कि पूरे मामले में थाना प्रभारी को टास्क दिया गया है और क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले लोगों के मुकदमा का डिटेल इकट्ठा किया जा रहा है.

दरअसल, पलामू जिला झारखंड में आपराधिक गतिविधियों के लिए चर्चित रहा है. झारखंड-बिहार के कई संगठित आपराधिक गिरोह का पलामू से जुड़े हुए हैं. अमन साव, सुजीत सिन्हा, राहुल दुबे, राहुल सिंह समेत कई गैंग्स के शूटर पलामू के हैं. पुलिस की कार्रवाई में समय-समय पर अपराधी पकड़े गए हैं.