रांची में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, शातिर ‘देवा’ समेत 4 गिरफ्तार; 15 से ज्यादा वारदातों का खुलासा
Jharkhand News: राजधानी रांची में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। रांची पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक चेन स्नैचिंग और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनी सोनार, मो. फहीम अंसारी, मो. साकिब उर्फ देवा और दीपक सोनार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई के सोने के गहने, चांदी की चेन, दो मोटरसाइकिल, तीन स्मार्टफोन और 44 हजार रुपये नकद समेत कई सामान बरामद किए हैं।
5 अगस्त की वारदात से खुला गिरोह का राज
मामला नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली रिंग रोड का है। 5 अगस्त को एक महिला ने दलादली टीओपी में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट करते हुए वाहन जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा पुराने अपराधियों से जुड़े इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद रांची के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
बाइक से घूमकर महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में गिरोह की वारदात करने की पूरी कार्यप्रणाली भी सामने आई है। आरोपी मोटरसाइकिल से इलाके में घूमते थे और ऐसे रास्तों की तलाश करते थे, जहां भीड़ कम हो या महिलाएं अकेली गुजर रही हों।
मौका मिलते ही आरोपी बाइक से महिला के करीब पहुंचते और पीछे से गले में पहनी सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार में फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह केवल चेन स्नैचिंग ही नहीं बल्कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में भी सक्रिय था।
छीनी गई चेन को गलाकर बदल देते थे रूप
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने चोरी के सोने को ठिकाने लगाने के लिए अलग तरीका अपनाया था। छीनी गई चेन को सीधे बेचने के बजाय उसे गलाकर दूसरे प्रकार के आभूषण तैयार किए जाते थे, ताकि उसकी पहचान करना मुश्किल हो जाए।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 26 ग्राम सोने की चेन के टुकड़े और गलाए गए सोने से तैयार आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 240 ग्राम चांदी से बनी 18 चेन, तीन स्मार्टफोन और 44 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
पुलिस ने उस दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है, जहां कथित तौर पर गिरोह के सदस्य छीनी गई सोने की चेन बेचते थे और उन्हें गलाकर नए आभूषण तैयार करवाते थे।
‘देवा’ पर दर्ज हैं 18 आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों में मो. साकिब उर्फ देवा को पुलिस ने आदतन अपराधी बताया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी चेन स्नैचिंग के कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसके दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई है।
देवा के खिलाफ रांची के सिल्ली, कोतवाली, बरियातू, जगन्नाथपुर, अरगोड़ा, लोअर बाजार और डोरंडा समेत विभिन्न थानों में चेन छिनतई, लूट, चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े कुल 18 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
फहीम का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
वहीं मो. फहीम अंसारी के खिलाफ भी जगन्नाथपुर और अरगोड़ा थाना क्षेत्रों में वर्ष 2019 से 2023 के बीच चेन छिनतई और लूट से जुड़े कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर रांची में हुई अन्य चेन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं से भी इस गिरोह के कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।







