धनबाद मेयर पद की लड़ाई शुरू, चंद्रशेखर अग्रवाल ने दाखिल किया नामांकन...
Dhanbad: अगर जनता का आशीर्वाद मिला और वे पुनः मेयर चुने गए, तो धनबाद को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए और अधिक मजबूती के साथ काम करेंगे...
Jan 29, 2026, 19:07 IST
Dhanbad: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है. धनबाद नगर निगम क्षेत्र में चुनाव को लेकर उत्सव जैसा माहौल है. गुरुवार को नामांकन के पहले दिन समाहरणालय में लोगों की जमजमाहट देखने को मिली.
प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया. पूर्व मेयर रह चुके चंद्रशेखर अग्रवाल ने इस बार भी मेयर पद के लिए दावेदारी दिखा रहे हैं.
नामांकन के दौरान उनका जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला, जहां भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया.
नामांकन से पूर्व चंद्रशेखर अग्रवाल ने झरिया स्थित श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना की और वहीं से समर्थकों के साथ भव्य रैली की शुरुआत की. ये रैली झरिया से धनसार होते हुए शक्ति मंदिर पहुंची.
इसके बाद नया बाजार, राजेंद्र सरोवर, सिटी सेंटर होते हुए मेमको मोड़ तक पहुंची. मेमको मोड़ से चंद्रशेखर अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी की.
रैली के दौरान पूरे मार्ग में समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था. जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ चंद्रशेखर अग्रवाल का स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच रैली ने शहर में चुनावी माहौल को पूरी तरह चुनावमयी कर दिया.
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने धनबाद के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम कार्य किए हैं.
शहर की जनता उन कार्यों से भली-भांति परिचित है. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर उनके काम पर भरोसा जताएगी और उन्हें सेवा का अवसर देगी.
अगर जनता का आशीर्वाद मिला और वे पुनः मेयर चुने गए, तो धनबाद को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए और अधिक मजबूती के साथ काम करेंगे. उनका लक्ष्य विकास को गति देने के साथ-साथ हर वर्ग की समस्याओं का समाधान करना है.







