Newshaat_Logo

रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी, पंपों पर लगी लंबी कतारें.. प्रशासन बोला– घबराएं नहीं, आपूर्ति सामान्य...

Ranchi:  राजधानी रांची में मंगलवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई. आशंकाओं और अफवाहों के बीच लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचते नजर आए, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं. पिछले कुछ दिनों से बनी असमंजस की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने देर शाम तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
 
JHARKHAND

Ranchi: राजधानी रांची में मंगलवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई. आशंकाओं और अफवाहों के बीच लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचते नजर आए, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं. पिछले कुछ दिनों से बनी असमंजस की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने देर शाम तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की.

रांची में पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़, जिला प्रशासन की अपील- जरूरत भर ही लें  ईंधन

बैठक में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़, उपभोक्ताओं की अतिरिक्त खरीदारी और सप्लाई चेन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की जो कमी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है, उसका मुख्य कारण उपभोक्ताओं के बीच फैली घबराहट है.

Jharkhand Fuel Price Hike | Petrol Diesel Rush at Pumps

अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में लोग अपनी सामान्य जरूरत से अधिक मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं, जिससे पंपों पर अस्थायी दबाव बढ़ गया है. कई लोग वाहनों के अलावा अतिरिक्त कंटेनरों में भी ईंधन स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका असर नियमित आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है.

तेल कंपनियों के अधिकारियों ने उपायुक्त को भरोसा दिलाया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से जारी है और सप्लाई चेन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल सूचना साझा की जाएगी ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे.

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित निगरानी रखी जाए और कहीं भी कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए. उन्होंने तेल कंपनियों से कहा कि रांची में सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएं. साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे घबराएं नहीं और केवल अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं. उन्होंने कहा कि अनावश्यक स्टॉकिंग से अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है और इससे पंपों पर दबाव बढ़ता है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है.

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रजत कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के प्रतिनिधि मौजूद रहे. जिला प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

अफवाहों से बढ़ी परेशानी

सूत्रों के अनुसार, ईंधन की संभावित कमी को लेकर फैली अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट देखी गई. हालांकि, तेल कंपनियों या प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की आपूर्ति बाधित होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जिला प्रशासन की स्पष्ट अपील

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि- 

  • ईंधन की आपूर्ति सामान्य है
  • पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है
  • लोग जरूरत भर ही ईंधन लें, अनावश्यक जमाखोरी न करें

ट्रैफिक और व्यवस्था पर असर

भीड़ के कारण कई पेट्रोल पंपों के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही. प्रशासन और पुलिस द्वारा पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे व्यवस्था बनाए रखें और भीड़ को नियंत्रित करें.

प्रशासन की चेतावनी

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.