Newshaat_Logo

Chatra NTPC Project Accident: टेकअप ट्रॉली गिरने से 3 मजदूरों की मौत, कई घायल

झारखंड के चतरा में NTPC के प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हुआ है. टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण परियोजनाओं में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 
Jharkhand

Chatra:  झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC प्रोजेक्ट में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक्सटर्नल CHP के कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद दो मजदूरों के दबे होने की सूचना है। उन्हें निकालने के लिए घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, NTPC टंडवा के एक्सटर्नल CHP में कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर काम चल रहा था। इसी दौरान टेकअप ट्रॉली गिर गई। इसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। यहां सिम्प्लेक्स कंपनी की ओर से काम कराया जा रहा था।

राजेंद्र सोनी की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले एक मजदूर की पहचान टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी उर्फ राजू के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह वर्ष 2019 से संबंधित कंपनी में काम कर रहे थे।

एसपी ने की तीन मौतों की पुष्टि

चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने हादसे में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो मजदूर अब भी दबे हुए हैं और उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद NTPC के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। घायलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। दो दबे हुए मजदूरों को निकालने और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।