रांची में चाउमिन दुकान बनी रणभूमि, युवक की हत्या के बाद बेकाबू भीड़ का हंगामा
Ranchi: रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भट्टी चौक के पास एक चाउमिन दुकान में बैठे साहिल गद्दी उर्फ़ कुरकुरे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
हत्या की खबर मिलते ही गुस्साए लोग और मृतक के परिजन सड़क पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। भीड़ ने हमले के एक आरोपी अरमान के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और गैस सिलेंडर समेत कई सामानों में आग लगा दी। गनीमत रही कि आग समय रहते बुझा दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस वारदात में पूर्व पार्षद मोहम्मद असलम के भाई का हाथ है। भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं थमा, लोग पूर्व पार्षद के अमन कम्युनिटी हॉल तक पहुंच गए और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की। एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया।
स्थिति बिगड़ती देख कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की। इसी बीच खबर आई कि पुलिस ने पूर्व पार्षद के भाई आसिफ को पकड़ लिया है। जैसे ही यह खबर फैली, भीड़ हिंदपीढ़ी थाने पहुंच गई और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगी।
आक्रोशित लोगों का आरोप है कि पुलिस वारदात के दौरान मूकदर्शक बनी रही और उपद्रवियों को रोकने में नाकाम रही। वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक साहिल गद्दी का आपराधिक रिकॉर्ड था और वह हाल ही में छिनैती के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। फिलहा, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।







