Hazaribagh में पहाड़ का हिस्सा अचानक ढहा, गूंज उठा इलाका… धूल के गुबार में लिपट गई ज़िंदगी
Aug 12, 2025, 15:18 IST
Hazaribagh: शहर से सटे बभनबै पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सोमवार सुबह करीब 7 बजे अचानक ढह गया। देखते ही देखते पूरा इलाका धूल के गुबार से भर गया और कई पेड़-पौधे मलबे में दब गए। पहाड़ गिरने की जोरदार आवाज़ करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। बताया जा रहा है कि यह जिले में इस तरह की पहली घटना है।
लोगों ने मोबाइल में कैद किया नजारा
मौके पर मौजूद लोगों ने इस भयावह दृश्य को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे पहाड़ का एक हिस्सा भरभरा कर नीचे गिरने लगा और आसपास अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में चारों ओर धूल का बादल छा गया।
गनीमत रही कि…
इस हादसे में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अब पहाड़ के पास जाने से बच रहे हैं।







