JPSC अनियमितता मामले में CID एक्शन मोड में, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एल ख्यांग्ते से पूछताछ जारी
Ranchi: झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है. 14वीं जेपीएससी (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते लगातार दूसरे दिन भी सीआईडी कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे कई अहम मुद्दों पर पूछताछ की जा रही है. इससे पहले मंगलवार को भी उनसे आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी.
![]()
दूसरे दिन भी कई अहम सवालों के जवाब तलाश रही CID
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी परीक्षा संचालन, टेंडर आवंटन और कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर एल ख्यांग्ते से लगातार पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी का मुख्य फोकस परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) को टेंडर दिए जाने की प्रक्रिया पर है.
सीआईडी यह जानने की कोशिश कर रही है कि यदि एजेंसी के ब्लैकलिस्ट होने की जानकारी पहले से उपलब्ध थी, तो उसे जेपीएससी जैसी संवैधानिक संस्था की परीक्षा आयोजित करने का जिम्मा किन परिस्थितियों में सौंपा गया. इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी, ओएमआर शीट में कथित हेराफेरी रोकने के लिए अपनाए गए सुरक्षा उपायों और शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी पूर्व अध्यक्ष से विस्तृत जानकारी मांगी जा रही है.
TDPL और JPSC कार्यालय भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसी ने परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय से परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए हैं. वहीं जेपीएससी कार्यालय से भी भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और डिजिटल साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है.
सीआईडी का कहना है कि दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के जरिए परीक्षा प्रक्रिया में हुई संभावित अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.
अब तक 10 गिरफ्तार, कई आरोपी रिमांड पर
इस मामले में सीआईडी अब तक उप परीक्षा नियंत्रक सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें से पांच आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी है. जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है.
जांच पर बनी हुई है सबकी नजर
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रही जांच पर अभ्यर्थियों और आम लोगों की नजर बनी हुई है. लगातार दूसरे दिन पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते से हो रही पूछताछ को इस मामले की जांच में अहम माना जा रहा है. आने वाले दिनों में सीआईडी की जांच से कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.







