ट्रेजरी घोटाले में CID की बड़ी कार्रवाई, 9 सदस्यीय विशेष टीम ने संभाली जांच की कमान...
Ranchi: झारखंड में ट्रेजरी घोटाले को लेकर अब जांच तेज हो गई है. राज्य सरकार की अनुमति के बाद झारखंड सीआईडी ने इस पूरे मामले को टेकअप कर लिया है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी पंकज कंबोज की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया है, जिसने अपनी जांच शुरू कर दी है. सीआईडी की ओर से सूचना जारी कर इस जांच के बाबत मीडिया को जानकारी दी गई है.
बड़ी गड़बड़ी का अंदेशा
यह जांच ट्रेजरी से वेतन समेत कई मद में हुई अवैध निकासी के पूरे नेटवर्क को उजागर करने पर केंद्रित होगी. शुरुआती संकेतों में बड़े स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है. खास बातें कि वित्त विभाग के स्तर से IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक हाई लेवल कमिटी भी मामले की जांच कर रही है.
दरअसल, इस घोटाले की परतें उस वक्त खुलनी शुरू हुईं जब बोकारो और हजारीबाग जिलों में ट्रेजरी से संदिग्ध निकासी के मामले सामने आए. जांच में पाया गया कि वेतन मद के नाम पर फर्जी तरीके से पैसे निकाले गए. इस खुलासे के बाद वित्त विभाग और संबंधित ट्रेजरी कार्यालयों में हड़कंप मच गया था.
विभागीय स्तर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हित किया गया. कुछ को निलंबित किया गया, जबकि कई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है. कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. साथ ही, ट्रेज़री सिस्टम में पारदर्शिता लाने और गड़बड़ी रोकने के लिए निगरानी भी बढ़ाई गई है.
अब CID की एसआईटी इस पूरे मामले की तह तक जाकर यह पता लगाएगी कि इस घोटाले में कौन-कौन लोग शामिल हैं. इसके साथ पैसे की निकासी किस प्रक्रिया के तहत हुई और इसमें किस स्तर तक मिलीभगत रही.







